बिहार का शातिर अपराधी गिरफ्तार
संतोष कुमार दास
चतरा : चतरा पुलिस ने ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और ट्रक चोरी करने वाले एक खतरनाक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी सुमित अग्रवाल के निर्देश पर बालूमाथ क्षेत्र से चोरी के ट्रक के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी आदित्य राज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक चालकों को नशीली गोलियां खिलाकर ट्रक लूटता था। आरोपी के पास से 42 नशीली गोलियां, ₹17,000 नकद और जीपीएस (GPS) निकालने के औजार बरामद हुए हैं। यह गिरोह बिहार और बंगाल में सक्रिय था और चोरी के ट्रक पन्नागढ़ में बेच देता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों एखलाक खान, राजेश यादव और टुनु यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की है।
